एसआईटी की कार्रवाई में कल्याण से दबोचे गए आरोपी, हावड़ा-गीतांजलि एक्सप्रेस से लाया गया चक्रधरपुर
चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने महाराष्ट्र के कल्याण इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद हावड़ा-गीतांजलि एक्सप्रेस ट्रेन से चक्रधरपुर लाया गया।
मामले को लेकर गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में चाईबासा के एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर 6 मई को झींकपानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि अप्रैल महीने में घर में अकेला पाकर तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के कल्याण में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।










