रांची (झारखंड) : झारखंड के विश्वविद्यालयों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के सभी नौ विश्वविद्यालयों के लिए उपयोग होने वाले ‘चांसलर पोर्टल’ का आधिकारिक वेब पता (यूआरएल) बदल दिया गया है।
अब छात्र-छात्राएं पुराने लिंक की जगह नए पोर्टल https://universities.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा https://jharkhanduniversities.nic.in पर उपलब्ध थी।
यह बदलाव झारखंड उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग (Department of Higher and Technical Education Jharkhand) के निर्देश पर लागू किया गया है। सभी विश्वविद्यालयों ने इस संबंध में नोटिस जारी कर छात्रों को जानकारी दे दी है। नोटिस में कहा गया है कि पोर्टल के अपडेटेड वर्जन को सभी विश्वविद्यालयों में समान रूप से लागू करने और छात्रों को आसान व सुगम पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
साथ ही, इस बदलाव की सूचना सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी छात्र-छात्रा को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मई के अंतिम सप्ताह या जून से शुरू होगा स्नातक नामांकन
झारखंड के विश्वविद्यालयों में स्नातक नामांकन की प्रक्रिया मई के अंतिम सप्ताह या जून के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए सभी विश्वविद्यालयों को आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया समय पर संपन्न हो सके।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद ही विभिन्न विश्वविद्यालयों की ओर से नामांकन की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि परिणाम जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे छात्रों का समय पर और सुचारु रूप से दाखिला सुनिश्चित किया जा सके।










