जमशेदपुर के बारीडीह निवासी 8 वर्षीय आदित्य राज ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शहर का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। मिस/मिस्टर/मिसेज/किड्स मॉडलिंग-डांस प्रतियोगिता (इंडिया-एशिया) में शानदार प्रदर्शन कर आदित्य ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी सफलता से परिवार और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
यह प्रतियोगिता 16 और 17 मई को आदित्यपुर स्थित द क्रूज में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कुल 13 राउंड की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आदित्य राज ने अपने आत्मविश्वास, स्टेज प्रेजेंस और प्रतिभा से निर्णायकों को प्रभावित किया।
आदित्य की मां वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि बचपन से ही उन्हें मॉडलिंग और मंचीय गतिविधियों में रुचि रही है। परिवार ने हमेशा उनके हुनर को प्रोत्साहित किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में मिली यह सफलता आदित्य के भविष्य के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
आदित्य के परिवार का शिक्षा और अनुशासन से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके नाना दीपक श्रीवास्तव रामकृष्ण मिशन इंग्लिश स्कूल में गेम्स टीचर रह चुके हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों का भी उन्हें लगातार सहयोग मिल रहा है।
आदित्य राज ने कहा कि वह आगे चलकर मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहते हैं। फिलहाल वह आने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि को लेकर बारीडीह और जमशेदपुर के लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।
