जमशेदपुर: बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में गूंजेगी वीर गंगा नारायण सिंह की जय-जयकार, 25 अप्रैल को जुटेगा महाकुंभ

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर: भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती इस वर्ष जमशेदपुर में ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी है। आगामी 25 अप्रैल 2026 को बिष्टुपुर स्थित रीगल (गोपाल) मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम से भी समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

50 हजार से अधिक लोगों के जुटने का लक्ष्य

समारोह आयोजन समिति और भूमिज स्वशासन व्यवस्था के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार 50 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पोटका विधायक संजीव सरदार को इस भव्य आयोजन का मुख्य संरक्षक बनाया गया है। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रतिनिधियों ने बताया कि शहर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर जयंती मनाई जा रही है।

- Advertisement -
Ad image

सुबह पूजा-अर्चना, शाम को विशाल जनसभा

गोपाल मैदान में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है:

  • पूर्वाह्न: वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की विधिवत पूजा-अर्चना और विचार गोष्ठी।
  • दोपहर: पारंपरिक सरहुल नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति।
  • शाम: विशाल जनसभा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के मंत्रियों और टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।

टाटा स्टील से प्रतिमा स्थापना के लिए जमीन की मांग

आयोजन समिति ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कहा कि वे जमशेदपुर शहर में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापित करना चाहते हैं। इसके लिए समिति जल्द ही टाटा स्टील प्रबंधन, टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) और टाटा स्टील फाउंडेशन से प्रतिमा स्थल के लिए भूमि आवंटन की मांग करेगी।

दिखेगी भूमिज संस्कृति और व्यंजनों की झलक

कार्यक्रम स्थल पर भूमिज समाज की पारंपरिक वस्तुओं और व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराना भी है।

- Advertisement -
Ad image

तैयारियों में जुटे दिग्गज

आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रमंडल से लेकर ग्राम स्तर तक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य रूप से हरीश चंद्र सिंह, सुदर्शन भूमिज, बलराम सिंह, भोला सरदार, राधेश्याम सिंह, विभीषण सरदार, रामपदों सरदार, भानु सरदार, बृहस्पति सरदार, सुनील कुमार सिंह, रवींद्रनाथ सिंह, ताजेश्वर सिंह, कानू सिंह और ठाकुर सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।


ब्यूरो रिपोर्ट, जमशेदपुर

TAGGED:
Share This Article