रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेन्द्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियां सामने आई हैं। अस्पताल के कई वार्डों में एसी और पंखे खराब पड़े होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उमस और तेज गर्मी के बीच इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को राहत मिलने के बजाय और अधिक कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। रिम्स की पुरानी बिल्डिंग स्थित 8 विभागों में करीब तीन दर्जन पंखे खराब पड़े हैं, जबकि 10 से 12 एसी लंबे समय से बंद हैं। मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरोसर्जरी और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग समेत कई वार्डों में मरीज गर्मी और उमस से परेशान दिखे।
लेबर रूम में एसी तक नहीं, प्रसूताओं की बढ़ी परेशानी
सबसे खराब स्थिति स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लेबर रूम की बताई जा रही है। यहां प्रसव पीड़ा से गुजर रही महिलाओं को भीषण गर्मी के बीच बिना एसी और पर्याप्त कूलिंग व्यवस्था के रहना पड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान गर्मी और उमस के कारण महिलाओं की बेचैनी और घबराहट बढ़ जाती है। सूत्रों के मुताबिक, लेबर रूम में एसी लगाने और खराब मशीनों की मरम्मत को लेकर अस्पताल प्रबंधन को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बर्न वार्ड में 8 में से 4 एसी बंद
रिम्स के बर्न वार्ड की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। यहां झुलसे हुए मरीजों के इलाज के लिए नियंत्रित तापमान जरूरी होता है, लेकिन वार्ड में लगे 8 एसी में से 4 बंद पड़े मिले। गर्मी और उमस के कारण मरीज दर्द और जलन से कराहते नजर आए। परिजनों ने बताया कि मजबूरी में कई लोग घर से टेबल फैन लाकर मरीजों के पास लगा रहे हैं, जबकि कुछ लोग हाथ से पंखा झलते दिखाई दिए।
कई वार्डों में बंद पड़े पंखे
अस्पताल के कई वार्डों में पंखे या तो पूरी तरह खराब हैं या बेहद धीमी गति से चल रहे हैं। उमस भरे कमरों में मरीजों के साथ-साथ उनके अटेंडर और परिजनों को भी घंटों परेशान होकर बैठना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि इलाज के साथ अगर बुनियादी सुविधाएं भी न मिलें तो मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
प्रबंधन ने मानी समस्या
रिम्स प्रबंधन ने अस्पताल में एसी और पंखों की खराब स्थिति स्वीकार की है। रिम्स के पीआरओ डॉ. शिशिर ने बताया कि बर्न वार्ड समेत विभिन्न विभागों में लगे करीब 15 एसी और 70 से अधिक पंखों की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि खराब उपकरणों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है।
गर्मी शुरू होने से पहले नहीं हुई तैयारी
राजधानी रांची में लगातार बढ़ते तापमान के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की तैयारी समय पर नहीं हो सकी। हर साल गर्मी में ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन इस बार भी भीषण गर्मी शुरू होने से पहले वार्डों में कूलिंग सिस्टम की मरम्मत नहीं कराई गई। अब मरीजों की परेशानी बढ़ने के बाद मरम्मत की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है।
