जमशेदपुर, 27 मई:
जमशेदपुर स्थित JRD Tata Sports Complex में चल रहा टाटा स्टील का समर कैंप इस बार खेल महोत्सव का रूप ले चुका है। 11 मई से शुरू हुआ यह कैंप 31 मई तक चलेगा, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का उत्साह देखने को मिल रहा है। टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के अनुसार इस कैंप में 4 साल से लेकर 90 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के हेड कैप्टन मनीष ने बताया कि इस बार जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अलावा आदित्यपुर और आईएसडब्ल्यूपी परिसर में भी समर कैंप आयोजित किया गया है। पूरे कैंप में 19 खेल विधाओं को शामिल किया गया है और करीब 3000 प्रतिभागी इसमें जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में खेलों से जुड़ाव उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के सीनियर एडमिनिस्ट्रेटर फिरोज खान ने बताया कि जेआरडी कैंपस में ही 19 डिसिप्लिन के लिए क्वालिफाइड कोच तैनात किए गए हैं। यहां बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी प्रतिदिन अलग गतिविधियां आयोजित की जाती हैं और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाते हैं। कैंप के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि स्विमिंग में लगभग 600, क्रिकेट में 250 और बैडमिंटन में 200 से अधिक बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। वहीं स्केटिंग रोल बॉल में 270 प्रतिभागी प्रशिक्षण ले रहे हैं। आर्चरी कोच रितु कुमारी ने बताया कि 55 बच्चे इंडियन राउंड, कंपाउंड और रिकर्व इवेंट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। समर कैंप के समापन समारोह में प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
