बुधवार की सुबह छपरा-मढौरा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पी एन सिंह कॉलेज के समीप एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में टीम के 4 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, ऑर्केस्ट्रा टीम एक कार्यक्रम संपन्न कर वापस लौट रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर सवार लोग फंस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला।
सदर अस्पताल में अफरा-तफरी
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 4 कलाकारों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में से कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (पटना) रेफर किए जाने की तैयारी चल रही है।
पुलिस जांच में जुटी, फरार वाहन की तलाश
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।









