10 मई को मतदान, संगत के बीच सक्रिय हुए पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर,
जमशेदपुर:
टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब कमेटी के आगामी चुनाव को लेकर क्षेत्र में सियासी माहौल गर्म हो गया है। प्रधान पद के लिए 10 मई को होने वाले चुनाव से पहले उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में दो बार प्रधान रह चुके सुरजीत सिंह खुशीपुर एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरकर संगत के बीच सक्रिय नजर आ रहे हैं।
सुरजीत सिंह खुशीपुर ने 10 नंबर बस्ती सहित कई इलाकों में घर-घर जाकर संगत से मुलाकात की और समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें फिर से सेवा का अवसर मिलता है, तो गुरुद्वारा प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी नानक नाम लेवा संगत का नाम मतदाता सूची से नहीं हटेगा और सभी को बराबर अधिकार मिलेगा।
विकास और पारदर्शिता पर जोर
अपने चुनावी अभियान के दौरान उन्होंने गुरुद्वारों के सौंदर्यीकरण, धार्मिक गतिविधियों के विस्तार और गुरुद्वारा परिसर स्थित विद्यालय के समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा और धार्मिक मूल्यों को साथ लेकर चलना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
अनुभव का फायदा लेने की अपील
खुशीपुर ने अपने लंबे अनुभव का हवाला देते हुए बताया कि वह पहले भी सिख नौजवान सभा के अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) में वरीय उपाध्यक्ष के रूप में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने संगत से अपील की कि वे उनके अनुभव और कार्यों को देखते हुए उन्हें एक बार फिर मौका दें।
मतदान का समय और व्यवस्था
गुरुद्वारा कमेटी चुनाव के तहत 10 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान गुरुद्वारा परिसर स्थित विद्यालय प्रांगण में किया जाएगा, जहां संगत अपने मताधिकार का प्रयोग करेगी।










