झारखंड के गढ़वा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जिले की पहली विशेष ‘महिला ओपीडी’ शुरू की जा रही है, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को अब इलाज के लिए झिझक का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सीएचसी के प्रभारी डॉ. असजद अंसारी ने बताया कि अस्पताल में लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिलाओं के लिए अलग ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी।
इस विशेष ओपीडी में स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगी, ताकि महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। डॉ. अंसारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर महिलाएं पुरुष डॉक्टरों के सामने अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर बताने में असहज महसूस करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की जा रही है।
रंका सीएचसी जिले का पहला ऐसा केंद्र बन जाएगा, जहां महिलाओं के लिए अलग से ओपीडी की व्यवस्था होगी। इस पहल से रंका सहित आसपास के कई गांवों की हजारों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय या निजी क्लीनिकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।









