कांडी पुलिस की तत्परता से 13 वर्षीय बच्ची परिजनों से मिली, सुरक्षित घर पहुंची

कांडी पुलिस की तत्परता से 13 वर्षीय बच्ची परिजनों से मिली, सुरक्षित घर पहुंची

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा: कांडी थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कांडी बाजार में भटककर पहुंची 13 वर्षीय एक बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों से मिलाया।

जानकारी के अनुसार, बच्ची कांडी बाजार क्षेत्र में अकेली घूमती हुई मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर कांडी पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लिया। थाना प्रभारी अशफाक आलम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची से पूछताछ की और उसके परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। घर छोड़ने के बाद वह सोन नदी पार कर कांडी थाना क्षेत्र तक पहुंच गई थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। कांडी पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल के कारण एक नाबालिग बच्ची सुरक्षित अपने घर लौट सकी, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

Share This Article