सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं प्रख्यात अधिवक्ता राजाराम गुप्ता ने झारखंड सरकार के भू-राजस्व एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की स्थिति और चाईबासा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मंत्री ने सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों को सराहा
मुलाकात के दौरान मंत्री दीपक बिरुवा ने सड़क सुरक्षा समिति द्वारा जिले में किए जा रहे कार्यों और जागरूकता अभियानों की जानकारी ली। मंत्री ने विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को त्वरित अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने के लिए समिति और आम लोगों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “गोल्डन आवर” में घायलों की मदद करना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।
राजाराम गुप्ता ने मंत्री को अवगत कराया कि सदर अस्पताल, चाईबासा में आने वाले मरीजों और सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर बेहतर इलाज के लिए बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की सख्त जरूरत है। उन्होंने मंत्री के समक्ष निम्नलिखित मांगें प्रमुखता से रखीं:
- दुर्घटना में घायलों को तुरंत अस्पताल लाने के लिए नई और सर्वसुविधायुक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाए।
- आपातकालीन स्थिति में मरीजों को खून के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए ब्लड बैंक की व्यवस्था दुरुस्त हो।
- अस्पताल में मनोचिकित्सक , अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ और चर्म रोग विशेषज्ञों के स्थायी पदों पर जल्द से जल्द बहाली की जाए।
मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
अधिवक्ता राजाराम गुप्ता की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने इस पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया। मंत्री ने आश्वस्त किया कि चाईबासा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इन मांगों को लेकर जल्द ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे।
