नई दिल्ली: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने गुरुवार को अपने महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की अहम बैठक बुलाई है। राजधानी के इंदिरा भवन में होने वाली बैठक की अध्यक्षता मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, राज्यों के संगठनात्मक हालात, राजनीतिक चुनौतियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व विभिन्न राज्यों से फीडबैक लेकर संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगा।
सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव से जुड़े घटनाक्रम और कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर उठे विवाद पर भी मंथन हो सकता है। पार्टी इस मामले में अपनी राजनीतिक और कानूनी रणनीति पर विचार कर सकती है।
बैठक में विपक्षी गठबंधन INDIA गठबंधन की स्थिति और सहयोगी दलों के साथ तालमेल पर भी चर्चा होने की संभावना है। हाल ही में राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी की मुलाकात को विपक्षी एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व आगामी राजनीतिक अभियानों, संसद के भीतर और बाहर विपक्ष की भूमिका तथा जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तय करने पर भी फोकस करेगा।
