धनबाद: जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बाघमारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार और भूधसान के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
धरने में पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कोयलांचल क्षेत्र में हो रहे भूधसान के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि माइनिंग ऑपरेशन के बाद खाली खदानों में बालू भराई जैसी आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है, जिसके कारण क्षेत्र में लगातार भूधसान की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंच रहा है। उनके अनुसार, क्षेत्र के लोग मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और अवैध खनन की समस्या लगातार बढ़ रही है।

बाघमारा विधानसभा प्रभारी अवध नारायण प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को लगातार मजबूती से उठाती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बाघमारा अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
