रात को नहीं आ रही नींद? बिस्तर पर जाने से पहले करें ये 5 काम, आएगी घोड़े बेचकर सोने वाली नींद

देर रात तक जागना, बार-बार आंख खुलना और सुबह उठने पर ताजगी के बजाय थकान महसूस होना अब एक आम बीमारी बन चुका है।

Johar News Times
4 Min Read
Young sad woman lying in bed late at night trying to sleep suffering insomnia. Girl in bed scared on nightmares looking worried and stressed. Sleeping disorder and insomnia concept

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और खराब लाइफस्टाइल के कारण बड़ी संख्या में लोग अनिद्रा (Insomnia) यानी रात में नींद न आने की समस्या से परेशान हैं। देर रात तक जागना, बार-बार आंख खुलना और सुबह उठने पर ताजगी के बजाय थकान महसूस होना अब एक आम बीमारी बन चुका है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस समस्या के पीछे सबसे बड़ी वजह हमारी खराब आदतें और मोबाइल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल है। हालांकि, अपने डेली रूटीन में कुछ छोटे और आसान बदलाव करके आप इस परेशानी से हमेशा के लिए राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं गहरी और चैन की नींद लेने के 5 अचूक उपाय।

1. सोने से आधा घंटा पहले ‘स्क्रीन’ को कहें बाय-बाय

नींद से जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर आपको रात में जल्दी और गहरी नींद चाहिए तो सोने से पहले दिमाग को शांत करना बेहद जरूरी है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि बिस्तर पर जाने से कम से कम 30 मिनट पहले मोबाइल, टीवी और लैपटॉप का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दें। इन गैजेट्स की स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट (Blue Light) हमारे दिमाग को एक्टिव रखती है, जिससे नींद लाने वाला मेलाटोनिन हार्मोन प्रभावित होता है।

2. 5 मिनट की ‘डीप ब्रीदिंग’ है नेचुरल स्लीप थेरेपी

अगर आप बिस्तर पर लेटने के बाद भी करवटें बदलते रहते हैं, तो एक्सपर्ट्स का बताया यह सबसे आसान तरीका आजमाएं। सोने से पहले 5 से 10 मिनट तक गहरी सांस लेने (Deep Breathing Exercise) की आदत डालें। इससे दिमाग शांत होता है, तनाव कम होता है और शरीर पूरी तरह रिलैक्स महसूस करता है। कई डॉक्टर्स इसे ‘नेचुरल स्लीप थेरेपी’ भी मानते हैं।

3. शाम के बाद चाय-कॉफी को कहें ‘नो’

हेल्थ एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि शाम के बाद या रात को सोने से पहले ज्यादा चाय या कॉफी पीना आपकी नींद का दुश्मन बन सकता है। इनमें मौजूद कैफीन (Caffeine) कई घंटों तक दिमाग को सक्रिय रखता है, जिससे चाहकर भी नींद नहीं आती। इसके साथ ही, रात के समय हमेशा हल्का और सुपाच्य खाना खाने की सलाह दी जाती है।

4. बेडरूम का माहौल रखें शांत और कूल

विशेषज्ञों के मुताबिक, आपके कमरे का वातावरण भी आपकी नींद तय करता है। अगर कमरे में ज्यादा रोशनी या शोर होगा, तो दिमाग पूरी तरह आराम नहीं कर पाएगा। इसलिए सोते समय कमरे की लाइटें बंद कर दें या बेहद धीमी (डिम) रखें और शांत माहौल बनाने की कोशिश करें। इससे शरीर जल्दी स्लीप मोड में चला जाता है।

5. स्लीप शेड्यूल (Body Clock) को करें फिक्स

डॉक्टरों का कहना है कि शरीर की आंतरिक घड़ी यानी बॉडी क्लॉक (Circadian Rhythm) को सही रखना बेहद जरूरी है। अगर आप रोज अलग-अलग समय पर सोते और जागते हैं, तो नींद का पूरा पैटर्न बिगड़ जाता है। इसलिए वीकेंड हो या वर्किंग डे, रोज लगभग एक ही तय समय पर सोने और सुबह उठने की आदत डालें।

अच्छी और पूरी नींद सिर्फ आपकी दिनभर की थकान ही दूर नहीं करती, बल्कि यह आपके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए भी सबसे जरूरी है।

Share This Article