हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती और अपहरण समेत 15 से अधिक संगीन मामलों में आरोपी कुख्यात महिला अपराधी रिया सिन्हा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। चाईबासा सदर थाना में उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। रांची जेल से चाईबासा मंडल कारा लाए जाने के दौरान उसकी तलाशी में मोबाइल सिम कार्ड, चार्जर और अंग्रेजी में लिखे तीन पन्ने बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा मंडल कारा लाया गया था। जेल में प्रवेश से पहले मुख्यालय डीएसपी पूजा कुमारी और महिला थाना प्रभारी शीला मिंज के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसकी पैंट की जेब से अवैध रूप से छिपाकर रखा गया मोबाइल सिम कार्ड, चार्जर और अंग्रेजी में लिखे तीन पन्ने बरामद किए गए।
सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो के बयान पर रिया सिन्हा के खिलाफ बीएनएस की धारा 223, 111, 49, 61 तथा कारा अधिनियम, 1894 की धारा 42 के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि रिया सिन्हा का पति सुजीत कुमार सिन्हा भी पेशेवर अपराधी है और दोनों मिलकर कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि रिया जेल में रहते हुए भी अपने गिरोह के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों का संचालन करती रही है।
बरामद सिम कार्ड, चार्जर और दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेल के भीतर से उसका नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था। पुलिस के अनुसार, रिया वर्तमान में रांची के अरगोड़ा स्थित ग्लोबल अपार्टमेंट में रहती थी, जबकि उसका स्थायी पता पलामू जिले के डाल्टनगंज स्थित रेडमा पांकी रोड है। आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी रिया फिलहाल चाईबासा मंडल कारा में बंद है और पूरे मामले की जांच जारी है।
