दिल्ली के मालवीय नगर होटल में भीषण अग्निकांड, 21 लोगों की मौत; कई ने कूदकर बचाई जान

दिल्ली के मालवीय नगर होटल में भीषण अग्निकांड, 21 लोगों की मौत; कई ने कूदकर बचाई जान

Johar News Times
2 Min Read

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना,

नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग इमारत में फंस गए और जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगाने को मजबूर हो गए।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:48 बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित रेस्तरां में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

इस दुखद हादसे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में साहस और संबल मिलने की प्रार्थना की। फिलहाल प्रशासन, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां मौके पर राहत, बचाव और तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं।

Share This Article