घाटशिला : दहीगोड़ा सर्कस मैदान में आयोजित श्याम महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और उल्लास के रंग में रंग दिया। श्याम परिवार मऊभंडार की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रंगीन रोशनी, फूलों की सजावट और आकर्षक पंडाल के बीच बाबा श्याम का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महोत्सव की शुरुआत अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन और बाबा श्याम के विशेष श्रृंगार के साथ हुई। फूलों और आकर्षक पोशाकों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके बाद छप्पन भोग अर्पित कर विशेष आरती की गई। आरती के दौरान पूरा परिसर “जय श्री श्याम” और “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से गूंज उठा। भजन संध्या में विभिन्न शहरों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। राउरकेला के रमन गंगावत, जमशेदपुर की पूजा झा, दरभंगा के राहुल शर्मा तथा घाटशिला के शुभम अग्रवाल और काव्य अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। वहीं कोलकाता के प्रताप शर्मा म्यूजिकल ग्रुप की संगीत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। लोकप्रिय श्याम भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए।
महोत्सव से पहले बुधवार शाम मऊभंडार शिव मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की धुन पर पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, शरबत और प्रसाद वितरण के साथ स्वागत किया गया। निशान यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए दहीगोड़ा सर्कस मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में मुसाबनी, गालूडीह, जादूगोड़ा, चाकुलिया, धालभूमगढ़ और जमशेदपुर सहित आसपास के कई इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्याम परिवार मऊभंडार के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
