जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की बेपटरी होती समय-सारणी के खिलाफ विधायक सरयू राय ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मिलानी हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ के गठन पर मुहर लगाई गई। समाजसेवी शिवशंकर सिंह को इस समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।
अहम बातें: यात्री ट्रेनें समय पर पहुंचें, यही हमारी प्राथमिकता – सरयू राय
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने रेल प्रशासन की कार्यशैली पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा:
- मैनेजमेंट की कमी: रेलवे को सिर्फ 5 मिनट का समय मैनेज करना है, लेकिन वह मान ही नहीं रहा कि मालगाड़ियों की वजह से सवारी ट्रेनें लेट हो रही हैं।
- अफसरों की जेब और मालगाड़ी: श्री राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि प्राइवेट पार्टियों को रेक बेचे गए हैं और जितनी बार रेक चलता है, अफसरों की जेब गर्म होती है। मालगाड़ियों की संख्या घटे या बढ़े, यात्री ट्रेनों का समय पर चलना अनिवार्य है।
- रेलवे एप का खेल: उन्होंने NTES (रेलवे एप) पर सवाल उठाते हुए कहा कि ‘साउथ बिहार एक्सप्रेस’ कांड्रा तक तो दिखी, उसके बाद एप से गायब हो गई। रेलवे अपनी बदनामी से डर रहा है।

आंदोलन को धार देंगे शिवशंकर सिंह
समिति के नवनियुक्त संयोजक शिवशंकर सिंह ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि विधायक सरयू राय जिस आंदोलन को शुरू करते हैं, उसे अंजाम तक जरूर पहुंचाते हैं।
“ट्रेनों की लेटलतीफी किसी एक दल का नहीं, बल्कि आम जनता का मुद्दा है। यह एक साझा मंच है जहाँ हर किसी का स्वागत है। अब कुंभकर्णी नींद से जागने का वक्त आ गया है।” — शिवशंकर सिंह
समीक्षा बैठक में आए प्रमुख सुझाव और खुलासे:
- अफसरों का दबाव: सरयू राय ने खुलासा किया कि 6 अप्रैल की रात तक रेलवे के बड़े अफसर 7 अप्रैल का धरना रद्द करवाने की कोशिश में थे, क्योंकि उन्हें सरकार की बदनामी का डर था।
- नई रेल लाइन की मांग: सुझाव आया कि कांड्रा से टाटानगर के बीच मेनलाइन हमेशा व्यस्त रहती है, इसके लिए अलग रेल लाइन की व्यवस्था होनी चाहिए।
- सोशल मीडिया का उपयोग: समिति के सदस्यों से एक्स (X) और अन्य प्लेटफार्म पर रेलवे को टैग कर लगातार शिकायतें दर्ज करने की अपील की गई।
- विस्तार: चाकुलिया, घाटशिला और चक्रधरपुर के लोगों को भी इस समिति से जोड़ा जाएगा।

मंच पर मौजूद रहे दिग्गज
बैठक में शंभू सिंह, बाबर खान, आफताब अहमद सिद्दिकी, मुकेश मित्तल, कविता परमार, अशोक गोयल और अजय गुप्ता मंचासीन रहे। मंच संचालन सुबोध श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें। लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें।










