कोडरमा: जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत कन्द्रपडीह पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-3 में टीकाकरण के बाद 9 माह की एक बच्ची की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
परिजनों का आरोप है कि 8 मई को टीकाकरण के दौरान एएनएम ने बच्ची को मात्र तीन मिनट के भीतर तीन इंजेक्शन लगाए। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और अब तक स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने आंगनबाड़ी केंद्र को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्यकर्मी की कथित लापरवाही के कारण मासूम बच्ची की जान खतरे में पड़ गई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बच्ची के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच की उम्मीद जताई जा रही है।
