घाटशिला: आर्थिक तंगी की भेंट चढ़ा एक और जीवन; PDS दुकानदार ने पेड़ से लटककर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में खुलासे

9 महीने से बकाया कमीशन और सहारा में फंसे पैसे, सिस्टम की बेरुखी ने ली एक और जान।

Johar News Times
2 Min Read

घाटशिला थाना क्षेत्र के पुराना बनकाटी गांव में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 61 वर्षीय पीडीएस दुकानदार मृणाल कुमार रजक ने आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उनका शव गांव के समीप धाड़मोरा तालाब के पास एक डूमर पेड़ से लटका हुआ पाया गया।

9 महीने से नहीं मिला था कमीशन, सहारा में फंसे थे करोड़ों

घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट ने व्यवस्था और आर्थिक संकट की पोल खोल दी है। मृतक मृणाल रजक ने अपने सुसाइड नोट में साफ तौर पर लिखा कि वे पिछले 9 महीनों से कमीशन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे थे।

- Advertisement -
Ad image

इसके अलावा, वह सहारा इंडिया के एजेंट भी थे। परिजनों के अनुसार, सहारा इंडिया में लगभग 1.5 करोड़ रुपये की मैच्योरिटी राशि फंसी हुई थी, जिसका भुगतान न होने के कारण उन पर ग्राहकों और अपनी जरूरतों का भारी मानसिक दबाव था।

परिजनों का आरोप: “सिस्टम की बेरुखी ने ली जान”

मृतक के पुत्र शिवनाथ और आलोक रजक ने बताया कि उनके पिता का लगभग 4 से 5 लाख रुपये का कमीशन बकाया था। मंगलवार को ही वे इसी सिलसिले में जमशेदपुर में एक बैठक में शामिल होने गए थे, लेकिन वहां से लौटने के बाद वे काफी परेशान दिखे। लगातार बढ़ती जांच और नियमों के बोझ ने उनकी मानसिक स्थिति को और खराब कर दिया था।

पुलिसिया कार्रवाई और गांव में शोक

सूचना मिलने पर घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। डॉ. शंकर टुडू द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Share This Article