उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार देर शाम एक बड़ा नदी हादसा हो गया। यमुना नदी में लोगों से भरी नाव पलटने से नौ लोग नदी में डूब गए। इनमें से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि छह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग यमुना नदी के उस पार खरबूजा खाने गए थे। देर शाम जब वे वापस लौट रहे थे, उसी दौरान नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में डूबने लगे।
बताया जा रहा है कि हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र स्थित भौली गांव के मजरा कोतुपुर पटिया में श्रीपाल की बेटी की शादी थी। शादी की विदाई के बाद बच्चे और महिलाएं समेत कुल नौ लोग नदी पार चले गए थे। देर शाम सभी लोग नाव के जरिए वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव चला रहा युवक मोबाइल फोन पर बात करने लगा था। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। हादसे के समय नाविक खुद तैरकर बाहर निकल आया, जबकि अन्य लोग नदी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। सदर एसडीएम, सीओ समेत भारी पुलिस बल राहत और बचाव कार्य में जुट गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।









