आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान हो चुका है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा फाइनल मैच के वेन्यू को लेकर हो रही है। इस बार आईपीएल का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं बल्कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। बीसीसीआई ने इसके पीछे की वजह भी स्पष्ट कर दी है।
बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा जारी बयान के अनुसार, फाइनल मुकाबले के आयोजन के लिए शुरुआत में बेंगलुरु को ही चुना गया था। हालांकि बाद में स्थानीय प्रशासन और क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कुछ ऐसी शर्तें और आवश्यकताएं सामने आईं, जो बीसीसीआई के तय प्रोटोकॉल और गाइडलाइंस के दायरे से बाहर थीं। इसी कारण बोर्ड को अंतिम समय में वेन्यू बदलने का फैसला लेना पड़ा।
इस सीजन में आईपीएल प्लेऑफ मुकाबले तीन अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे। क्वालीफायर-1 मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। वहीं एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 मैच न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
IPL 2026 प्लेऑफ शेड्यूल
- 26 मई : क्वालीफायर-1, धर्मशाला
- 27 मई : एलिमिनेटर, न्यू चंडीगढ़
- 29 मई : क्वालीफायर-2, न्यू चंडीगढ़
- 31 मई : फाइनल, अहमदाबाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु से फाइनल हटने के पीछे VIP टिकट विवाद को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायक विजयानंद काशप्पनवर ने विधायकों को आईपीएल मैचों के लिए पांच-पांच टिकट देने की मांग की थी। इसके बाद यह मामला राजनीतिक रूप से चर्चा में आ गया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में समझौते के तहत विधायकों, सांसदों और एमएलसी को तीन-तीन टिकट देने पर सहमति बनी।
हालांकि बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर टिकट विवाद को वेन्यू बदलने की वजह नहीं बताया है, लेकिन क्रिकेट गलियारों में इसे फैसले के पीछे एक अहम कारण माना जा रहा है।










