Dhanbad Education : मजदूर की बेटी राशिदा नाज बनीं झारखंड टॉपर, सेल्फ स्टडी और अनुशासन से रचा इतिहास

मजदूर की बेटी राशिदा नाज बनीं झारखंड टॉपर, सेल्फ स्टडी और अनुशासन से रचा इतिहास

Johar News Times
3 Min Read

कहते हैं कि मजबूत इरादों के आगे मुश्किल हालात भी हार मान लेते हैं। इस कहावत को सच कर दिखाया है धनबाद की रहने वाली राशिदा नाज ने। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय परीक्षा में राशिदा ने 500 में 489 अंक हासिल कर पूरे राज्य में टॉप किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे धनबाद जिले में खुशी का माहौल है।

राशिदा नाज डीएवी प्लस टू हाई स्कूल, पाथरडीह की छात्रा हैं। बेहद साधारण परिवार से आने वाली राशिदा के पिता मो. रुस्तम अंसारी पश्चिम बंगाल के नियामतपुर स्थित चीनाकुड़ी में एक कंपनी में ठेकाकर्मी के रूप में काम करते हैं, जबकि उनकी मां गुलअफ़्सा परवीन गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राशिदा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

- Advertisement -
Ad image

परिवार में शिक्षा का माहौल भी प्रेरणादायक रहा है। उनके बड़े भाई मो. जुनैद अली उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि बड़ी बहन कनिज फातिमा बीएड की पढ़ाई कर शिक्षिका बनने की तैयारी में जुटी हैं। राशिदा अपनी बहन को अपना आदर्श मानती हैं और भविष्य में खुद भी शिक्षिका बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।

राशिदा पहले भूलन बरारी में रहती थीं और वर्तमान में जामाडोबा रमजानपुर क्षेत्र में निवास कर रही हैं। वे रोजाना करीब सात किलोमीटर टेंपो से सफर कर स्कूल पहुंचती थीं। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी भी प्रकार की कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। उन्होंने पूरी तरह सेल्फ स्टडी और यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।

उनका दैनिक रूटीन भी बेहद अनुशासित था। राशिदा रोज सुबह चार बजे उठकर पढ़ाई शुरू करती थीं और प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक अध्ययन करती थीं। परीक्षा के दौरान उन्होंने पढ़ाई का समय और बढ़ा दिया था। उन्होंने हर विषय के लिए अलग लक्ष्य तय किया और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास किया। किसी भी विषय में परेशानी होने पर वे शिक्षकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान करती थीं।

राशिदा ने अन्य छात्रों को भी सलाह दी है कि वे समय से पहले अपना सिलेबस पूरा करें और नियमित अभ्यास के साथ रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई करें। उनका कहना है कि मेहनत और निरंतर अभ्यास से सफलता जरूर मिलती है।

- Advertisement -
Ad image

विषयवार अंक

  • अंग्रेजी – 98
  • भौतिकी – 97
  • रसायन – 99
  • गणित – 98
  • रिटेल – 97
  • कंप्यूटर साइंस – 79

राशिदा की इस शानदार उपलब्धि से स्कूल में उत्सव जैसा माहौल है। स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय समेत सभी शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Share This Article