धनबाद के लोयाबाद क्षेत्र में गुरुवार को अचानक जमीन धंसने की बड़ी घटना सामने आई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। कनकनी हनुमान बाजार स्थित बंद पड़े हिलटाप आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यालय के समीप तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई और वहां से गैस का रिसाव शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार जमीन धंसने से करीब 20 से 25 फीट के दायरे में बड़ा गोफ बन गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमीन धंसने के साथ तेज आवाज भी सुनाई दी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी प्रबंधन हरकत में आया और प्रभावित स्थल पर पहुंचकर मिट्टी भराई का काम शुरू कराया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि गैस रिसाव की वजह से इलाके के लोगों में अब भी डर का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो से तीन दिनों से जमीन धीरे-धीरे धंस रही थी, लेकिन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
जिस स्थान पर जमीन धंसी है, उसके आसपास श्रमिक कॉलोनियां भी स्थित हैं। ऐसे में वहां रहने वाले लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। गौरतलब है कि लोयाबाद का यह इलाका पहले से ही भू-धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही हैं।









