टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी पर चढ़ा युवक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया, हालत गंभीर

टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी पर चढ़ा युवक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया, हालत गंभीर

Johar News Times
2 Min Read

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक गंभीर हादसा सामने आया, जहां एक युवक हाई वोल्टेज ओवरहेड तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना प्लेटफॉर्म संख्या-3 की बताई जा रही है, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक यात्री आजाद हिंद एक्सप्रेस से उतरने के बाद प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक मालगाड़ी की ओर बढ़ा। अचानक वह बिना किसी स्पष्ट कारण के मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ गया। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, उसका संपर्क ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन ओवरहेड बिजली तार से हो गया। संपर्क होते ही तेज झटका लगा और युवक नीचे गिर पड़ा।

- Advertisement -
Ad image

घटना के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), रेल पुलिस और स्टेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। प्रारंभिक स्तर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल, पुलिस युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में ट्रेनों या मालगाड़ियों पर चढ़ने का जोखिम न उठाएं।

Share This Article