बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के जितना थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध करेंसी के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10.73 लाख नेपाली करेंसी और 71 हजार से अधिक भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम अगरवा स्थित जियालाला चेक पोस्ट पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नेपाली और भारतीय मुद्रा के साथ भारत में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस और SSB की टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया और दोनों संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान नरेश कुमार गुप्ता (शिकारगंज, पूर्वी चंपारण) और जयलाल राम (गालोंपटी, थाना कलैया, जिला बारा, नेपाल) के रूप में हुई है।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के अनुसार, तलाशी के दौरान नरेश कुमार गुप्ता के बैग से 9,63,650 रुपये नेपाली करेंसी और 71,410 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई। वहीं जयलाल राम के पास से 1,10,000 रुपये नेपाली करेंसी मिली है। इस प्रकार कुल 10,73,650 रुपये नेपाली और 71,410 रुपये भारतीय करेंसी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सीमा पार अवैध लेनदेन के खिलाफ यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।










