पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह घटना पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां तेज रफ्तार मैजिक वैन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जलडहर निवासी करीब 40 वर्षीय अजीत सहिस के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजीत सहिस पेट्रोल पंप से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलटांड़ से झाड़बामनी की ओर जा रही एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने सड़क पार करते वक्त उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का कारण बनी।
बताया जा रहा है कि महज दो महीने पहले ही अजीत के पिता का निधन हुआ था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर आ गई थी। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं। हादसे के समय उनकी पत्नी एक शादी समारोह में गई हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अजीत सहिस मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर गहरा आर्थिक संकट आ गया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मैजिक वैन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।









