रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर में हुआ, जहां गुजरात ने एक गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस ने 19.5 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। यह गुजरात की आईपीएल 2026 में 10 मैचों में छठी जीत रही, जबकि पंजाब को इस सीजन में दूसरी हार झेलनी पड़ी।
पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य (2 रन) और कूपर कोनोली (0) के विकेट गंवा दिए। मोहम्मद सिराज पहले ओवर में हैट्रिक से चूक गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नेहल वढेरा खाता नहीं खोल सके। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 21 गेंदों में 19 रन बनाए।
मध्यक्रम में सूर्यांश शेडगे ने शानदार 57 रन (29 गेंद, 3 चौके, 5 छक्के) की पारी खेली, जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 40 रन का योगदान दिया। जेवियर बार्टलेट खाता नहीं खोल सके।
मैच से पहले टॉस शुभमन गिल ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात ने निशांत सिंधु को पदार्पण का मौका दिया, जबकि पंजाब की प्लेइंग इलेवन में जेवियर बार्टलेट की वापसी हुई।
मुकाबले से पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में थी और 8 में से 6 मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज थी। वहीं शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस 9 मैचों में 5 जीत के साथ पांचवें स्थान पर थी।
प्लेइंग इलेवन:
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहाल वढेरा, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।










