सरायकेला: नीमडीह के घुटाईडीह में वज्रपात से किशोर की मौत

सरायकेला: नीमडीह के घुटाईडीह में वज्रपात से किशोर की मौत, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटाईडीह गांव में बुधवार तड़के सुबह एक दर्दनाक हादसे में वज्रपात की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास (उम्र करीब 15-16 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, विकास सुबह खेत की ओर गया था और वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश और बिजली की कड़क से घबराकर वह पास के एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक आकाशीय बिजली उसी स्थान पर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा।

- Advertisement -
Ad image

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, वज्रपात का असर अत्यंत घातक था, जिससे मौके पर ही उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कोल्हान क्षेत्र में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे जनजीवन पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article