सरायकेला: नर्सिंग इस्पात में मजदूर का पैर कटने की सूचना, प्रबंधन बोला ‘मेजर समस्या नहीं’; जानकारी छिपाने का आरोप

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला :चौका थाना क्षेत्र के खूंटी स्थित नर्सिंग इस्पात लिमिटेड में रविवार की सुबह करीब 10 बजे एक मजदूर का पैर कटने की सूचना से हड़कंप मच गया। घायल मजदूर की पहचान तुड़कतुका गांव निवासी चंपई मानकी उर्फ सोरेन के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गम्हरिया में रहता है और रोजाना काम करने फैक्ट्री आता है।

घटना के बाद घायल को आनन-फानन में टीएमएच जमशेदपुर में एडमिट कराया गया है। इस संबंध में जब फैक्ट्री संचालक से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोई मेजर समस्या नहीं है। हालांकि मजदूरों का कहना है कि पैर बुरी तरह जख्मी हुआ है।

- Advertisement -
Ad image

जानकारी छिपाने का आरोप:

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक हादसे के बाद से प्रबंधन मामले की जानकारी छिपा रहा है। न थाना को सूचना दी गई, न श्रम विभाग को। मजदूरों ने आरोप लगाया कि मशीन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हादसा हुआ। ठेके पर काम करने वाले मजदूरों का न ईएसआई है, न बीमा।

घटना के बाद फैक्ट्री के अन्य मजदूरों में आक्रोश है। उनका कहना है कि आए दिन हादसे होते हैं लेकिन प्रबंधन लीपापोती कर देता है। घायल चंपई मानकी के परिजनों को भी समय पर सूचना नहीं दी गई।

मजदूर संगठनों ने मांग की है कि श्रम अधीक्षक और फैक्ट्री इंस्पेक्टर पूरे मामले की जांच करें। घायल को उचित मुआवजा और इलाज की गारंटी दी जाए। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article