सरायकेला चौका थाना क्षेत्र के खूंटी स्थित नर्सिंग इस्पात लिमिटेड में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया। फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर का पैर मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल मजदूर की पहचान तुड़कतुका गांव निवासी चंपई मानकी उर्फ सोरेन के रूप में हुई है, जो फिलहाल गम्हरिया में रहकर रोजाना फैक्ट्री में काम करता था।घटना के बाद सहकर्मियों ने उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच, जमशेदपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि, जब इस संबंध में फैक्ट्री प्रबंधन से संपर्क किया गया तो उन्होंने घटना को गंभीर मानने से इनकार करते हुए इसे “मेजर समस्या नहीं” बताया।

जानकारी छिपाने का आरोप
स्थानीय मजदूरों और सूत्रों का आरोप है कि हादसे के बाद प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की। न तो चौका थाना को सूचना दी गई और न ही श्रम विभाग को अवगत कराया गया। मजदूरों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ठेका मजदूरों को बुनियादी सुविधाएं जैसे ईएसआई और बीमा तक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे हादसे की स्थिति में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मजदूरों में आक्रोश, जांच की मांग
घटना के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं, लेकिन हर बार प्रबंधन मामले को दबा देता है। परिजनों को भी समय पर सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया है।मजदूर संगठनों ने श्रम अधीक्षक और फैक्ट्री इंस्पेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने, घायल मजदूर को उचित मुआवजा देने और फैक्ट्री में सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।









