चाईबासा में हत्या से सनसनी: पूर्व नक्सली सदस्य को घर से अगवा कर पीट-पीटकर मार डाला

चाईबासा में हत्या से सनसनी: पूर्व नक्सली सदस्य को घर से अगवा कर पीट-पीटकर मार डाला

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगुनिया गांव में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है, जो पहले नक्सली संगठन से जुड़ा रहा था।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे 4-5 की संख्या में हथियारबंद लोग रमेश के घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। कुछ दूरी तक उसकी पत्नी भी पीछे गई, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया। इसके बाद घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर रमेश की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

- Advertisement -
Ad image

सड़क पर फेंका शव, सुबह फैली दहशत
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गोइलकेरा-मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर फेंक दिया और फरार हो गए। शनिवार सुबह जब लोगों ने सड़क पर शव देखा तो पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

संगठन से दूरी बनी मौत की वजह?
बताया जा रहा है कि रमेश पहले भाकपा माओवादी संगठन का सक्रिय सदस्य था और इसी कारण वह पुलिस के रडार पर आया था। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद उसने संगठन से दूरी बना ली और आम जीवन जीते हुए सड़क निर्माण कार्य में मुंशी का काम कर रहा था। आशंका है कि संगठन से संपर्क नहीं रखने के कारण वह नक्सलियों के निशाने पर था।

पुलिस कर रही जांच
इस मामले पर जिले के एसपी अमित रेनू ने कहा कि हत्या की घटना हुई है, लेकिन यह नक्सली वारदात है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Share This Article