झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर सियालदह-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस की चपेट में आने से 24 वर्षीय मुस्कान मसी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला की रहने वाली थी और अपने दो-तीन महीने के जुड़वा बच्चों व भांजी के साथ आसनसोल से दिल्ली जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन रुकने पर वह कोच B-3 से बच्चों के लिए सामान लेने नीचे उतरी थी। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उसे पकड़ने की कोशिश में उसका पैर फिसल गया। वह दो बोगियों के बीच गिर गई, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के दोनों मासूम जुड़वा बच्चे और उनकी भांजी फिलहाल आरपीएफ पोस्ट में सुरक्षित हैं, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
इस हादसे के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, अन्य ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जिनमें रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस शामिल हैं।
यह हादसा एक बार फिर रेल यात्रियों को सावधानी बरतने की सीख देता है—चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।









