जमशेदपुर: बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर गोलमुरी में छापेमारी, नकली कॉस्मेटिक उत्पाद जब्त

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो कारोबारियों के गोदामों में छापेमारी की। यह कार्रवाई बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी और ट्रेडमार्क उल्लंघन के मामले में की गई।

छापेमारी के दौरान यूनिलीवर ग्लोबल IP लिमिटेड के नाम पर बेचे जा रहे नकली और गलत ट्रेडमार्क वाले कॉस्मेटिक उत्पादों को जब्त किया गया। जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

- Advertisement -
Ad image

कार्रवाई दोपहर करीब एक बजे थाना प्रभारी संजय सुमन के नेतृत्व में की गई। इस दौरान साईंनाथ इंटरप्राइजेज और अंशु सेल्स के गोदामों को निशाना बनाया गया। साईंनाथ इंटरप्राइजेज के गोदाम में कोई दावेदार सामने नहीं आने पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में ताला तोड़कर तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में कॉस्मेटिक उत्पाद बरामद हुए। वहीं, अंशु सेल्स के गोदाम से भी लाखों रुपये के सामान जब्त किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि बरामद अधिकांश उत्पाद यूनिलीवर नेपाल लिमिटेड के थे, जिन्हें केवल नेपाल में बिक्री के लिए तैयार किया गया था, लेकिन इन्हें अवैध रूप से जमशेदपुर के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था। जब्त उत्पादों पर “नेपाल में निर्मित” अंकित पाया गया।

पुलिस के अनुसार, कंपनी की ओर से ट्रेडमार्क उल्लंघन को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में मामला दर्ज कराया गया था। शिकायत में दोनों प्रतिष्ठानों पर कंपनी के ब्रांड नाम का अवैध उपयोग कर उत्पाद बेचने का आरोप लगाया गया था।

गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद रिसीवर दीप्तोनील हजारा और कंपनी की टीम के साथ समन्वय कर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article