झारखंड में भीषण गर्मी का असर जारी, आज और कल हीटवेव; 26 अप्रैल से बारिश और आंधी के आसार

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड में रांची सहित पूरे राज्य में भीषण गर्मी का असर लगातार जारी है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल तक हीटवेव और लू का असर बना रहेगा, हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

26 से 28 अप्रैल तक बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 26, 27 और 28 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश, बूंदाबांदी और कहीं-कहीं मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

- Advertisement -
Ad image

कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
आज और कल राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में लू का प्रभाव बना रहेगा। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

26-27 अप्रैल को तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी
26 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़ और गुमला समेत कई जिलों में मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस स्थिति को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो 27 अप्रैल तक प्रभावी रह सकता है।

पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। चाईबासा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article