जमशेदपुर में शुक्रवार तड़के एक बड़ी चोरी की साजिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब टाटा स्टील प्लांट की सुरक्षा टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना करीब रात 1 बजे की है, जब साकची स्थित केबल गैलरी के रास्ते ये युवक प्लांट परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
संदेह होने पर सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 75 किलो तांबे का केबल बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकाश चिन्ना (ओल्ड सीतारामडेरा), दीपक लोहार (बिरसानगर रोड नंबर 7) और अविनाश मुखी (केबल टाउन बस्ती रोड नंबर 5) के रूप में हुई है।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कंपनी को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता था। वहीं, शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे किसी संगठित गिरोह की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।









