कोल्हान में मुकुल महतो का जलवा, जेईई मेन में 99.965 पर्सेंटाइल; देश में 620वीं रैंक

कोल्हान में मुकुल महतो का जलवा, जेईई मेन में 99.965 पर्सेंटाइल; देश में 620वीं रैंक

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित जेईई मेन 2026 सेशन-2 के परिणाम में कोल्हान क्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन किया है। मानगो निवासी मुकुल महतो ने 99.965 पर्सेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया स्तर पर 620वीं रैंक प्राप्त करते हुए कोल्हान टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।

परिणाम जारी होते ही जमशेदपुर समेत पूरे क्षेत्र में सफल छात्रों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष शहर से 8 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 1000 से अधिक छात्रों ने सफलता हासिल की है।

- Advertisement -
Ad image

तीनों विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अब एडवांस पर नजर
मुकुल महतो ने भौतिकी, रसायन और गणित, तीनों विषयों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्हें रसायन विज्ञान में 99.98, भौतिकी में 99.93 और गणित में 99.85 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त हुए हैं।

अब उनका अगला लक्ष्य जेईई एडवांस में सफलता हासिल कर देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रवेश लेना है। वे कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।

शिक्षा की मजबूत नींव, अनुशासन बना सफलता का मंत्र
मुकुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा टैगोर एकेडमी साकची से प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई चिन्मया विद्यालय टेल्को से पूरी की। उनके पिता हिमांशु शेखर महतो चांडिल के एक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि मां रीता सिन्हा राजनगर स्थित प्लस टू हाईस्कूल में शिक्षिका हैं। मुकुल अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और स्वाध्याय को देते हैं।

520 छात्र एडवांस के लिए क्वालीफाई
इस वर्ष जमशेदपुर के विभिन्न केंद्रों से करीब 4500 विद्यार्थियों ने जेईई मेन परीक्षा दी थी, जिनमें से 520 छात्र जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई हुए हैं।

- Advertisement -
Ad image

अब ये छात्र देश के शीर्ष आईआईटी संस्थानों में दाखिले की अंतिम दौड़ में शामिल होंगे, जबकि अन्य सफल अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और अन्य तकनीकी संस्थानों में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

Share This Article