सरायकेला-खरसावां , हो भाषा की दो फिल्मों के लिए ऑडिशन, 70 से अधिक कलाकारों को मिलेगा मौका

सरायकेला-खरसावां , हो भाषा की दो फिल्मों के लिए ऑडिशन, 70 से अधिक कलाकारों को मिलेगा मौका

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां , क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत हो भाषा की दो फिल्मों के लिए कलाकारों का ऑडिशन आयोजित किया गया। राहुल गागराई प्रोडक्शन हाउस की ओर से बनने वाली इन फिल्मों की शूटिंग अगले महीने से शुरू होगी। इनमें ऐतिहासिक घटना ‘खरसावां गोलीकांड’ और सामाजिक विषय पर आधारित ‘हुडिंग माई’ (परिवार की सबसे छोटी बेटी) शामिल हैं।

खरसावां के कला संस्कृति भवन में रविवार को आयोजित ऑडिशन में बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ऑडिशन प्रक्रिया में जज के रूप में श्याम बोबोंगा, मोनिका बिरुली, लक्ष्मण मुर्मू, संजय टोप्पो, बासंती गागराई, शाहिल मुर्मू, शिव देवगम, कालिया जामुदा, नितिमा जोंको और मनोज सोय शामिल रहे। इससे पहले जमशेदपुर और चाईबासा में भी कलाकारों के चयन के लिए ऑडिशन आयोजित किए जा चुके हैं।

- Advertisement -
Ad image

ऑडिशन के बाद खरसावां के विधायक दशरथ गागराई ने बताया कि चयनित करीब 70 से अधिक कलाकारों को इन फिल्मों में अभिनय का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन फिल्मों के माध्यम से न केवल ऐतिहासिक घटनाओं को संरक्षित किया जाएगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से ‘खरसावां गोलीकांड’ के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे फिल्म के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

गौरतलब है कि विधायक दशरथ गागराई स्वयं भी इस फिल्म में ग्राम मुंडा की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वे इससे पहले भी हो भाषा की कई फिल्मों और एलबम में अभिनय कर चुके हैं और सामाजिक जागरूकता के लिए फिल्मों को माध्यम बनाने के लिए जाने जाते हैं।

Share This Article