चाईबासा: एक्शन मोड में नए उपायुक्त, पदभार संभालते ही चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के नवपदस्थापित उपायुक्त (DC) मनीष कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक दौरे से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानी।

मरीजों और प्रसूताओं से सीधा संवाद

उपायुक्त मनीष कुमार ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं व साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं और इलाज करा रहे अन्य मरीजों से सीधे बात की। उपायुक्त ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें समय पर दवाइयां, भोजन और डॉक्टर उपलब्ध हो रहे हैं या नहीं।

- Advertisement -
Ad image

SDM को नियमित निगरानी के निर्देश

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) श्रुति राज लक्ष्मी को सख्त निर्देश दिए कि वे समय-समय पर अस्पताल का औचक निरीक्षण करती रहें, ताकि व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे और मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

मौके पर मौजूद रहे जिले के आला अधिकारी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, चक्रधरपुर एसडीएम श्रुति राज लक्ष्मी, प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी समेत जिले के अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और जन सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ताजातरीन खबरों और अपडेट्स के लिए हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

- Advertisement -
Ad image
Share This Article