जमशेदपुर: लौहनगरी के कदमा थाना अंतर्गत रामनगर रोड नंबर-7 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 23 वर्षीय बीटेक छात्र अंकित शर्मा ने आर्थिक नुकसान से उपजे मानसिक तनाव के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और वित्तीय जोखिमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खिड़की से देखा तो उड़ गए होश
जानकारी के अनुसार, अंकित अपनी बहन के साथ कदमा में रहता था। उसकी माँ की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनका इलाज रांची में चल रहा है। गुरुवार की रात जब बहन ने अंकित को भोजन के लिए आवाज दी और कमरा नहीं खुला, तो उसे संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर अंकित को फंदे से लटका देख बहन की चीख निकल गई।
पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर अंकित को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
शेयर मार्केट में घाटा बना मौत की वजह
परिजनों ने बताया कि अंकित पिछले कुछ समय से शेयर बाजार (Share Market) में निवेश कर रहा था। शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि उसे बाजार में करीब 4 से 5 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ था। इस आर्थिक चपत के कारण वह गहरे अवसाद (Depression) में था। पुलिस फिलहाल यूडी केस दर्ज कर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
अपील: जीवन में हार-जीत और उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कोई भी आर्थिक नुकसान आपकी अनमोल जिंदगी से बड़ा नहीं है। यदि आप या आपके आसपास कोई तनाव में है, तो कृपया उनसे बात करें या विशेषज्ञ की मदद लें।
ताजातरीन खबरों और अपडेट्स के लिए हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com









