सरायकेला में तीन दिवसीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव का रंगारंग आगाज
सरायकेला जिले स्थित बिरसा स्टेडियम में कला, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 का भव्य और रंगारंग आयोजन जारी है l इस मौके पर विश्व प्रसिद्ध छऊ नृत्य के साथ-साथ अन्य राज्यों से आए शास्त्रीय नृत्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, इंडियन आइडल फेम प्रियांशु दत्ता ने अपने सुरों से कार्यक्रम में संगीत की खास छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसके संरक्षण व विकास की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य के कारण सरायकेला की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बनी है।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि यह गौरव की बात है कि यहां के छऊ कलाकारों को देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस महोत्सव को राजकीय दर्जा दिए जाने से भविष्य में कला और कलाकारों का और अधिक विकास होगा।
खड़गपुर-चक्रधरपुर रूट पर अब समय से चलेंगी ट्रेनें
घाटशिला में दक्षिण पूर्व रेलवे की अहम बैठक के बाद यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। खड़गपुर और चक्रधरपुर डिवीजन में अब लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें समय से चलेंगी। इसके लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए गुड्स ट्रेनों के 27 हजार रेलवे वैगन कम करके अब की संख्या घटाकर 23 हजार कर दी है l
दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्रा मजुमदार ने सांसद विद्युत वरण महतो की पहल पर मऊभंडार स्थित एचसीएल डायरेक्टर बंगले में चक्रधरपुर और खड़गपुर डिवीजन के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की।

बैठक में बताया गया कि चाकुलिया से टाटा और चक्रधरपुर से टाटा तक रोजाना हजारों मजदूर सफर करते हैं। ऐसे में सवारी गाड़ियों को समय पर चलाना प्राथमिकता होगी। साथ ही सवारी ट्रेनों में बोगियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
टाटा स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए चार नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। इसके अलावा वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए डिपो का निर्माण भी जल्द किया जाएगा।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का AAI टीम ने किया निरीक्षण
धालभूमगढ़ हवाई अड्डा को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की रांची टीम ने विमानपत्तन निदेशक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में धालभूमगढ़ हवाई पट्टी का भौतिक निरीक्षण किया।
यह हवाई अड्डा केंद्र सरकार की प्राथमिक सूची में शामिल है। इसके निर्माण के लिए 24 जनवरी 2019 को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने भूमि पूजन किया था।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रनवे की लंबाई-चौड़ाई, हाईवे से दूरी, रेलवे स्टेशन की दूरी और आसपास के इलाके की स्थिति का जायजा लिया।
हालांकि, निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए कहा कि पूरे निरीक्षण की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
टाटा मोटर्स ने लॉन्च की VRS 2026 योजना, 30 अप्रैल तक लागू; कर्मचारियों में हलचल
टाटा मोटर्स प्रबंधन ने वालेंट्री रिटायरमेंट स्कीम (VRS) 2026 की घोषणा कर दी है, जो 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। इस योजना के लागू होते ही कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई है।
प्लांट हेड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 तक कंपनी के पे-रोल पर मौजूद और 40 से 55 वर्ष आयु वर्ग के कर्मचारी इस स्कीम का लाभ उठा सकते हैं।

इस योजना के तहत कर्मचारियों को उनके अंतिम बेसिक और डीए (फिक्स्ड व वेरिएबल) के आधार पर 80% से 110% तक का भुगतान किया जाएगा l
इसके साथ ही मेडिकल बेनिफिट, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
कंपनी ने इस बार 748 कर्मचारियों को वीआरएस देने का लक्ष्य रखा है। यदि यह लक्ष्य पूरा होता है, तो प्रत्येक कर्मचारी को 1.40 लाख रुपये का अतिरिक्त ग्रुप इंसेंटिव मिलेगा।
कोल्हान विश्वविद्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, प्राचार्यों-शिक्षकों का तबादला; कई को अतिरिक्त प्रभार
कोल्हान विश्वविद्यालय ने विभिन्न कॉलेजों में कार्यरत प्राचार्यों, प्राचार्य-प्रभारी एवं शिक्षकों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और दायित्व पुनर्निर्धारण किया है। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी सूची के मुताबिक, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह को टाटा कॉलेज, चाईबासा में प्राचार्य बनाया गया है। वहीं टाटा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एससी दास का स्थानांतरण बहरागोड़ा कॉलेज में किया गया है।

जेएलएन कॉलेज, चक्रधरपुर के डॉ. हरिहर प्रधान और डॉ. नजरुल इस्लाम को क्रमशः मनोहरपुर और जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज में प्राचार्य-प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है।
महिला कॉलेज, चाईबासा की डॉ. प्रीतिबाला सिन्हा को घाटशिला कॉलेज भेजा गया है, जबकि पीजी विभाग की डॉ. अंजना वंदना प्रेमा खलखो को महिला कॉलेज, चाईबासा में प्राचार्य-प्रभारी बनाया गया है।
इस के अलावे अन्य कई सहायक एवं सह प्राध्यापको का भी स्थानांतरण किया गया है l
एमजीएम अस्पताल में अब हर मौत का होगा स्पष्ट कारण, डेथ ऑडिट सिस्टम लागू
जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अब स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने ‘डेथ ऑडिट सिस्टम’ लागू करते हुए निर्देश दिया है कि अब हर मरीज की मौत का स्पष्ट और ठोस मेडिकल कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
पहले कई मामलों में मौत का कारण स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं किया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था के तहत बिना पुख्ता कारण के किसी भी मृत्यु रिपोर्ट को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि उनके विभाग में होने वाली हर मृत्यु का विस्तृत कारण ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज किया जाए। यदि रिपोर्ट अधूरी या अस्पष्ट होगी, तो सिस्टम उसे स्वीकार नहीं करेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य हर मामले की गंभीरता से जांच करना और किसी भी संभावित लापरवाही की पहचान करना है।
नोवामुंडी में मोबाइल चोरी का खुलासा, 6 मोबाइल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को जगन्नाथपुर निवासी कमरुज ने थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि पार्सल डिलीवरी के दौरान उसके बैग से 6 मोबाइल फोन चोरी हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए नोवामुंडी पुलिस ने केस दर्ज करके इन्क्वायरी शुरू किया l
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। पूछताछ के दौरान आरोपी ललित दास ने चोरी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर कुंदन रजक और उज्ज्वल रोहित एक्का को मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया l सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बड़ाम बाबा की पूजा में अनोखी आस्था, भक्तों ने शरीर पर बरसाए कोड़े
घाटशिला के राजस्टेट स्थित बड़ाम स्थान में तीन दिवसीय बड़ाम बाबा की पूजा पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जा रही है। इस दौरान भक्तों की आस्था का अनोखा रूप देखने को मिला, जहां दर्जनों श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं को प्रसन्न करने के लिए अपने ही शरीर पर चाबुक बरसाए।
पूजा के पहले दिन 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान किया गया और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ। वहीं मुख्य पूजा के दौरान बड़ाबांध तालाब से पुजारी जल भरकर घट यात्रा के रूप में पूजा स्थल तक पहुंचे। इस दौरान युवा भक्त ‘झुपान’ करते हुए चल रहे थे, जिनके हाथों में साबे घास की चाबुक थी और वे रास्ते भर खुद को कोड़े मारते हुए भक्ति में लीन नजर आए।

घट यात्रा के स्वागत में पूरे मार्ग को साफ कर पानी से धोया गया था। रास्ते में महिलाओं ने हल्दी पानी से भक्तों के पैर धोकर उनका स्वागत किया। पूजा स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान से पूजा शुरू हुई, जिसमें पाठे और मुर्गे की बलि भी दी गई। मान्यता है कि बड़ाम बाबा के दरबार में मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।
पश्चिमी सिंहभूम में नक्सली गिरफ्तार, बंदगांव थाना के गंभीर मामलों में था वांछित
पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बंदगांव थाना क्षेत्र के एक गंभीर कांड में नामजद पीएलएफआई नक्सली संजय सोय उर्फ संजय लोहार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार नक्सली संजय सोय टेबो थाना क्षेत्र के गोवाई गांव का रहने वाला है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में बंदगांव थाना में आईपीसी, आर्म्स एक्ट, यूएपी एक्ट और सीएलए एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया, जिसमें आरोपी को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए चाईबासा जेल भेज दिया है।
जमशेदपुर में ‘स्कूल रुआर’ अभियान को बढ़ावा, ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने वालों को मिलेगा सम्मान
पूर्वी सिंहभूम जिले में ‘स्कूल रुआर 2026 – बैक टू स्कूल’ अभियान को सफल बनाने के लिए समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की, जिसमें शिक्षा विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल हुए।

उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान को केवल आंकड़ों तक सीमित न रखकर जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने पंचायत जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए सभी से व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने की अपील की।
उपायुक्त ने घोषणा की कि सबसे अधिक ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल में नामांकित करने वाले व्यक्ति को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टीम बनाकर घर-घर सर्वे किया जाए और स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान कर उनका जल्द नामांकन सुनिश्चित किया जाए।











