रांची में ‘फर्जी’ अफसर गिरफ्तार, सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख की ठगी का खुलासा

रांची में ‘फर्जी’ अफसर गिरफ्तार, सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख की ठगी का खुलासा

Johar News Times
3 Min Read

रांची पुलिस ने सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले गोपनीय इनपुट के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने चुटिया थाना क्षेत्र के शारदा कॉलोनी से गिरोह के सक्रिय सदस्य अरविंद प्रसाद को गिरफ्तार किया है।

शारदा कॉलोनी में छिपकर रह रहा था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अरविंद प्रसाद मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला है और रांची में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और जाली पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। वह युवाओं को झांसे में लेने के लिए खुद को कभी सेना का अधिकारी तो कभी किसी जांच एजेंसी का अफसर बताता था।

- Advertisement -
Ad image

70 लाख की ठगी, 7 आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस जांच में अब तक एक दर्जन से अधिक युवाओं से करीब 70 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। इस संबंध में चुटिया थाना में कांड संख्या 45/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने अरविंद प्रसाद समेत कुल सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। गिरोह के अन्य छह फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

फर्जी दस्तावेजों का जखीरा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दिल्ली क्राइम का फर्जी आई कार्ड, MES के जाली पहचान पत्र, आर्मी कैंटीन के स्मार्ट कार्ड, डॉक्टरों की फर्जी मुहर और कई जाली ज्वाइनिंग लेटर बरामद किए गए हैं। इसके अलावा ट्रेनिंग बुकलेट, फर्जी प्रमाणपत्र और अन्य पहचान पत्र भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

आपराधिक इतिहास, युवाओं को पुलिस की चेतावनी
पुलिस के अनुसार, अरविंद प्रसाद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से झारखंड और बिहार के युवाओं को निशाना बना रहा था। वह जाली दस्तावेजों के जरिए लोगों का भरोसा जीतकर ठगी करता था।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को पैसे न दें और केवल सेना की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article