1.महात्मा ज्योतिबा फुले और सिदो-कान्हू जयंती पर सीएम हेमंत सोरेन ने किया नमन कहा— संघर्ष और समानता की प्रेरणा हैं दोनों महापुरुष
झारखंड के मुख्यमंत्री ने महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और नारी शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा फुले ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि फुले जी ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम मानते हुए वंचित, शोषित और महिलाओं के सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन समाज सुधार और समानता की दिशा में एक प्रेरणादायी मिसाल है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हूल विद्रोह के महानायक अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिदो-कान्हू का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, अधिकार और सम्मान की लड़ाई का अमर प्रतीक है। उनके संघर्ष से आने वाली पीढ़ियां आज भी प्रेरणा लेती हैं।


2.बंगाल में चुनावी ‘सुपर शनिवार’, पीएम मोदी ने की 3 रैलियां मुर्शिदाबाद हिंसा पीड़ित परिवार से भी की मुलाकात
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को चुनाव प्रचार अपने चरम पर है, जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे, वहीं अन्य दलों के शीर्ष नेता भी मैदान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की पहली रैली दोपहर 12 बजे कटवा, 1:45 बजे जंगीपुर और फिर 3:45 बजे दक्षिण दिनाजपुर में जनसभा को संबोधित किया । इसके साथ ही पीएम मुर्शिदाबाद हिंसा में मारे गए चंदन दास के परिवार से भी मुलाकात की । गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2025 को वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध के दौरान हुई हिंसा में चंदन दास और उनके पिता हरगोबिंद दास की हत्या कर दी गई थी | इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने दौरे के दूसरे दिन तीन रैलियां की l जबकि मुख्यमंत्री ममता बर्नजी चार जनसभाओं के जरिए चुनाव प्रचार को धार दे रही हैँ l बंगाल में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है, और आने वाले दिनों में प्रचार और भी तेज होने के आसार हैं।

3.नासा ने रचा इतिहास, करतेमिस – II की सफल वापसी,,4 लाख किमी की यात्रा के बाद पृथ्वी पर लैंडिंग
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। करीब 50 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इंसान चंद्रमा के करीब जाकर सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आया। Artemis II मिशन के तहत चार अंतरिक्ष यात्रियों ने 4,06,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सफलतापूर्वक वापसी की,मिशन के तहत ओरियन स्पेसक्राफ्ट कैप्सूल जब पृथ्वी के वायुमंडल में दाखिल हुआ, तब उसकी गति 40,000 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। घर्षण के कारण यान आग के गोले में तब्दील हो गया और अत्यधिक तापमान का सामना करना पड़ा। हालांकि, अत्याधुनिक हीट शील्ड ने यान को सुरक्षित रखा।कुछ ही देर बाद प्रशांत महासागर के ऊपर पैराशूट खुले और कैप्सूल ने सुरक्षित लैंडिंग की। अमेरिकी नौसेना और नासा की रिकवरी टीमों ने तुरंत अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।इस ऐतिहासिक मिशन में कमांडर रेड वाइजमैन , पायलट विक्टर ग्लोवर , मिशन विशेषज्ञ क्रिस्चियना कोच और जेरेमी हंसन शामिल थे। सभी के चेहरों पर मिशन की सफलता की खुशी साफ झलक रही थी।

4.वैभव सूर्यवंशी का जलवा, RCB के खिलाफ तूफानी पारी के बाद विराट कोहली से मिला खास तोहफा
राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया। बरसापारा स्टेडियम में 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने महज 26 गेंदों में 78 रन ठोककर मैच का रुख बदल दिया और अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया।वैभव की इस धमाकेदार पारी के दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। इस सीजन में वह दूसरी बार 15 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने, इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी तेज फिफ्टी जड़ी थी।मैच के बाद वैभव के लिए सबसे यादगार पल तब आया जब दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने उन्हें खास तोहफा दिया। कोहली ने वैभव की कैप पर ऑटोग्राफ देते हुए चार शब्दों में संदेश लिखा— “Well done Vaibhav”। मैदान पर प्रतिद्वंद्वी होने के बावजूद युवा प्रतिभा के प्रति सम्मान दिखाने का यह अंदाज काफी सराहा जा रहा है।वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल इतिहास में उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने दो बार 15 गेंदों से कम में अर्धशतक जड़ा है।

5.SIR के बाद 12 राज्यों में 6.08 करोड़ वोटर लिस्ट से बाहर,यूपी-गुजरात में सबसे ज्यादा असर
विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद देश के 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों की संयुक्त मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। इस प्रक्रिया के तहत कुल मिलाकर लगभग 6.08 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं, जिससे कुल संख्या घटकर करीब 44.92 करोड़ रह गई है, जबकि पहले यह आंकड़ा लगभग 51 करोड़ था। इस चरण में जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अंतिम मतदाता सूची जारी हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा और पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप शामिल हैं। बिहार में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। देश के कुल करीब 99 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 60 करोड़ को इस अभियान में शामिल किया जा चुका है, जबकि शेष 40 करोड़ मतदाता 17 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल किए जाएंगे।

6.बंगाल चुनाव के बीच पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के घर ED का छापा,शिक्षक भर्ती घोटाले में बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में शनिवार को पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के कोलकाता के नाकतला स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों के अनुसार, ईडी अधिकारियों ने तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इसके साथ ही जांच एजेंसी ने पार्थ चटर्जी के करीबी और इस घोटाले में कथित बिचौलिए प्रसन्न कुमार के न्यूटाउन स्थित घर पर भी छापेमारी की। अधिकारियों ने पूर्व मंत्री से पूछताछ भी की है, हालांकि अब तक इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि पार्थ चैटर्जी को 23 जुलाई 2022 को ईडी ने गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी उनकी सहयोगी अर्पिता चटर्जी के घर से करीब 50 करोड़ रुपये नकद और 11 किलो सोना बरामद होने के बाद हुई थी। बाद में उन्हें नवंबर में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

7.ट्रेजरी घोटाले में बड़ा खुलासा, दो और गिरफ्तार गबन की रकम 28 करोड़ के पार
हजारीबाग में सामने आए बहुचर्चित ट्रेजरी घोटाले में जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने दो और महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, गबन की राशि बढ़कर 28 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। प्रेस वार्ता में शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि पहले गिरफ्तार सिपाही शंभू सिंह, रजनीश सिंह और धीरेंद्र सिंह के अलावा अब शंभू सिंह की पत्नी काजल कुमारी और रजनीश सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में गबन की राशि 15.41 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, यह आंकड़ा बढ़कर करीब 28 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि घोटाले की जड़ें काफी गहरी हैं और इसमें कई स्तरों पर मिलीभगत हो सकती है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गबन की गई राशि का बड़ा हिस्सा जमीन एवं भवनों में निवेश किया गया है।

8.रांची को मिलेगा ट्रैफिक से राहत का तोहफा,रिंग रोड और अंडरपास-फ्लाईओवर से बदलेगी तस्वीर
रांची में यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। रिंग रोड परियोजना और विभिन्न अंडरपास व फ्लाईओवर निर्माण योजनाओं से न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।इस परियोजना के पूरा होने के बाद आसपास के इलाकों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। रिंग रोड के किनारे जमीन की मांग बढ़ने से निवेशकों के लिए भी बेहतर अवसर तैयार होंगे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जानकारी दी कि ओरमांझी के लाल बहादुर शास्त्री चौक पर प्रस्तावित अंडरपास और फ्लाईओवर का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होगा।

9.नेतरहाट आवासीय विद्यालय में बड़ा बदलाव,अब छात्राओं को भी मिलेगा प्रवेश, प्रवेश परीक्षा लेगा जैक
लातेहार स्थित राज्य के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में अब छात्राओं का भी नामांकन होगा। नई नियमावली के तहत छात्राओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। इसके साथ ही कक्षा छह में प्रवेश के लिए अब परीक्षा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित की जाएगी राज्य सरकार ने विद्यालय की पुरानी गरिमा को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से दो नई नियमावलियों को मंजूरी दी है, जिन्हें कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अधिसूचित कर दिया गया है। वर्ष 2026-27 सत्र से प्रवेश परीक्षा JAC द्वारा आयोजित किए जाने की संभावना है, जबकि 2025-26 सत्र की परीक्षा विद्यालय प्रबंधन द्वारा पहले ही आयोजित की जा चुकी है और परिणाम जारी हो चुका है।

10.कोलेबिरा-मनोहरपुर मुख्य पथ निर्माण में सुस्ती से नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, धरने पर बैठे
सिमडेगा जिले में कोलेबिरा-मनोहरपुर मुख्य पथ (एनएच-320जी) के निर्माण कार्य में हो रही धीमी गति को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बानो प्रखंड के सौदे घाट के पास सुबह करीब 7 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए। आंदोलन में कई ग्रामीणों के साथ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक महीने पहले उपायुक्त, एनएचएआई के मुख्य अधिकारी और मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक ठेकेदार और प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण कार्य को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक जाम जारी रहेगा।

जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com











