
कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी ने इसे ‘भरोसे का पत्र’ नाम दिया है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा पत्र जारी करते हुए राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की स्थिति “कालरात्रि” जैसी रही है और अब राज्य की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में व्यापक सुधार किए जाएंगे।
घोषणा पत्र में महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े वादे किए गए हैं। भाजपा ने कहा है कि सत्ता में आने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने ₹3000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं बेरोजगार युवाओं को भी ₹3000 मासिक भत्ता देने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा पार्टी ने वादा किया है कि सरकार बनने के छह महीने के भीतर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया जाएगा। साथ ही गौ-तस्करी पर सख्त रोक लगाने की बात भी कही गई है।
सरकारी कर्मचारियों को लेकर भी भाजपा ने बड़ा ऐलान किया है। घोषणा पत्र के अनुसार, सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर राज्य में सातवां वेतनमान लागू कर दिया जाएगा।
भाजपा के इस घोषणा पत्र के साथ ही पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल और गरमा गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के वादों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।










