
सरायकेला-खरसावां: तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय के संस्थापक सह प्रबंध निदेशक और प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. बी.डी. शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. शर्मा एक कुशल प्रशासक और समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और समर्पण से गोविंद विद्यालय तमुलिया को एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा दी।
विद्यालय में शोक सभा, कक्षाएं स्थगित
उनके निधन के बाद विद्यालय प्रबंधन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए सभी कक्षाओं को स्थगित कर दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित शोक सभा में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सामाजिक-राजनीतिक जगत ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर झामुमो के अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. शर्मा का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
बुधवार को अंतिम यात्रा
डॉ. बी.डी. शर्मा की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 10 बजे गोविंद विद्यालय, तमोलिया परिसर से निकलेगी, जो स्वर्णरेखा बर्निंग घाट तक जाएगी, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा ।










