केंद्र सरकार की ओर से 28 और 29 जून को नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित ग्राम–विकसित भारत’ विजन को गति देने, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने पर मंथन होगा। झारखंड की ओर से ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता प्रमुख, झारखंड राज्य ग्रामीण विकास अभिकरण के मुख्य अभियंता मनोहर लाल समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में शामिल होंगे।
पीएम आवास और पीएमजीएसवाई-4 पर रहेगी खास नजर
सम्मेलन के दौरान झारखंड सरकार मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नए आवासों की स्वीकृति तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के अंतर्गत प्रस्तावित ग्रामीण सड़कों को मंजूरी दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि लंबित प्रस्तावों को स्वीकृति मिले, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो सके। इसके अलावा सम्मेलन में ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजना को लेकर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
