बोकारो में शराब के नशे में बेटे ने की पिता की हत्या, फटकार से नाराज होकर टांगी से किया हमला

Johar News Times
2 Min Read

जिले के गोमिया प्रखंड की तिलैया पंचायत अंतर्गत लुगू पहाड़ की तलहटी स्थित कारीपानी गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने पिता की फटकार से नाराज होकर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात शुक्रवार देर रात की है, जिसके बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात नशे की हालत में घर लौटा था। उसकी शराब की लत से परेशान पिता जयलाल करमाली (63) ने उसे फटकार लगाते हुए कहा कि उसकी आदत के कारण परिवार में हमेशा विवाद रहता है और पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में अर्जुन ने घर में रखी टांगी उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर घर में बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अर्जुन करमाली को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शनिवार सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति परिवार और समाज दोनों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

Share This Article