धान खरीद घोटाले का खुलासा, 530 क्विंटल धान गायब; पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक पर FIR

धनबाद जिले में धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है।

Johar News Times
3 Min Read

धनबाद जिले में धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। जिला आपूर्ति विभाग और राज्यस्तरीय जांच टीम की जांच में तोपचांची प्रखंड के मदैयडीह पैक्स से 530.10 क्विंटल धान के गबन की पुष्टि हुई है। मामले में पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक के खिलाफ तोपचांची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

राज्यस्तरीय जांच में सामने आई गड़बड़ी

सरकारी योजना के तहत मदैयडीह पैक्स ने किसानों से 3,018.04 क्विंटल धान की खरीद की थी। नियमों के अनुसार खरीदे गए धान को निर्धारित राइस मिल भेजा जाना था, जहां प्रोसेसिंग के बाद चावल वापस उपलब्ध कराया जाता है। जांच में सामने आया कि राइस मिल को केवल 2,507.82 क्विंटल धान ही भेजा गया था। राइस मिल के रिकॉर्ड में भी यही मात्रा दर्ज मिली। निरीक्षण के दौरान पैक्स गोदाम से 530.10 क्विंटल धान गायब पाया गया।

संतोषजनक जवाब नहीं दे सके अध्यक्ष और प्रबंधक

जांच टीम ने जब पैक्स प्रबंधक संतोष दास और अध्यक्ष से धान के संबंध में जानकारी मांगी, तो दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिला आपूर्ति विभाग ने भी कई बार स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन धान का कोई रिकॉर्ड या जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। बाद में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने भी जांच की, लेकिन गायब धान का कोई पता नहीं चला। इसके बाद विभाग की ओर से दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।

बीसीओ की भूमिका भी जांच के दायरे में
मामले में तोपचांची के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। नियमों के मुताबिक पैक्स और गोदाम की निगरानी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बीसीओ की होती है। ऐसे में बीडीओ स्तर पर चल रही जांच में उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने क्या कहा?
जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि राज्यस्तरीय टीम की जांच में पैक्स गोदाम में धान की कमी पाई गई। वहीं राइस मिल ने भी स्पष्ट किया कि उसे केवल 2,507.82 क्विंटल धान ही प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण उनके खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article