रांची। झारखंड के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई और बीटेक पाठ्यक्रमों के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने आज यानी 24 जून से ऑनलाइन आवेदन की खिड़की खोल दी है। इस बार भी राज्य के इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिला पूरी तरह से जेईई मेन-2026 के अंकों के आधार पर तैयार होने वाली स्टेट मेरिट लिस्ट से होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां :
इंजीनियरिंग में करियर बनाने की चाह रखने वाले छात्र-छात्राएं पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। शेड्यूल इस प्रकार है:
- ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत: 24 जून 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 02 जुलाई 2026
- फॉर्म में सुधार : 03 जुलाई 2026
- स्टेट मेरिट लिस्ट का प्रकाशन: 05 जुलाई 2026
काउंसलिंग और पात्रता: 5 जुलाई को मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट का दौर शुरू होगा। इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का भारतीय नागरिक होने के साथ-साथ झारखंड का स्थानीय या स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
कैटेगरी वाइज पंजीकरण शुल्क :
पर्षद ने विभिन्न वर्गों के लिए आवेदन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया है:
| श्रेणी | आवेदन शुल्क |
| सामान्य, EWS, BC-1 और BC-2 | ₹500 |
| SC, ST और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थी | ₹250 |
| सभी श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थी | निशुल्क |
सावधानी से भरें फॉर्म: JCECEB की सलाह
JCECEB ने अभ्यर्थियों को सख्त हिदायत दी है कि वे निर्धारित समय सीमा (2 जुलाई) के भीतर ही अपना आवेदन पूरा कर लें। साथ ही, फॉर्म भरते समय अपने क्रेडेंशियल्स, जेईई मेन के स्कोर और व्यक्तिगत जानकारियों को बेहद सावधानीपूर्वक दर्ज करें। फॉर्म में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान सीट आवंटन में दिक्कत आ सकती है।
