सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना दुबराजपुर गांव के पास हुई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जमशेदपुर जाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौका गांव के रहने वाले कुश महतो सोमवार सुबह अपनी बाइक पर सवार होकर चौका से टाटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रांची की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुश महतो सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
एयरबैग ने बचाई कार सवारों की जान
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिसकी वजह से फॉर्च्यूनर में सवार लोग एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए और उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं।
घायल बाइक चालक जमशेदपुर रेफर
दुर्घटना के फौरन बाद कार में सवार लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल कुश महतो को तुरंत नजदीकी पातकुम स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति में सुधार न होते देख बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत जमशेदपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त बाइक और फॉर्च्यूनर कार को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
